चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के हावड़ा मुंबई मुख्य मार्ग पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। राजखरसावां-महालीमरुम रेलखंड पर शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान ट्रैकमैन बन बिहारी महतो और हरियल हेम्ब्रम ने ठंडे मौसम में वेल्ड फेल्योर का पता लगाया और एक मालगाड़ी को समय रहते रोक दिया। उनकी तत्परता और सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पेट्रोलिंग के समय पता चला वेल्ड फेल्योर
ट्रैकमैन बन बिहारी महतो (TM-IV) और हरियल हेम्ब्रम (TM-IV), बीट किमी 287.000 से 291.000 के बीच ठंडे मौसम की पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी उन्हें किमी 289/12-14 के बीच डाउन लाइन पर वेल्ड फेल्योर (जोड़ में टूटा) का पता चला। उन्होंने तुरंत ट्रैक को सुरक्षित किया और उसी समय पहुंच रही एक मालगाड़ी को दुर्घटना-स्थल से पहले रोक दिया।
दोनों ट्रैकमैन को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने दोनों ट्रैकमैन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनकी अनुकरणीय सतर्कता और जिम्मेदारी निभाने की सराहना की। ठंड के मौसम में पटरियों के टूटने की आशंका अधिक रहती है, ऐसे में ट्रैक की गश्त और निगरानी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

