RANCHI: क्रिसमस पर्व से पहले झारखंड सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार की झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लगभग चार लाख महिलाओं के खातों में नवंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। योजना के अंतर्गत प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि भेजी गई है। रांची जिले में कुल 3 लाख 93 हजार 84 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। इन सभी लाभुकों के बैंक खातों में कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। यह भुगतान जिले के ग्रामीण प्रखंडों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को भी किया गया है।
प्रखंडवार और शहरी क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,781 लाभुकों को राशि मिली है, जबकि सदर शहरी क्षेत्र में 25,038 महिलाओं को भुगतान किया गया है। इसके अलावा सिल्ली, मांडर, रातू, नगड़ी, बुढ़मू, चान्हो, बेड़ो, नामकुम, ओरमांझी और तमाड़ सहित अन्य प्रखंडों में भी हजारों महिलाओं के खातों में सम्मान राशि पहुंची है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रेम, सेवा और खुशियों का प्रतीक है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को सम्मान राशि का भुगतान राज्य सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सुरक्षा को भी सशक्त करती है। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आने वाले महीनों में भी पात्र लाभुकों को समय पर सम्मान राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। जिससे कि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकें।

