जमशेदपुर : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से चयनित स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों (कक्षा 6 से 8) की पूर्वी सिंहभूम जिले के स्कूलों में पदस्थापना की गई है। उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस प्रक्रिया से जिले के मध्य विद्यालयों (मवि) को कुल 242 नए शिक्षक मिले हैं, जो शिक्षक कमी को दूर करने में सहायक सिद्ध होंगे।
चयनित शिक्षक तीन मुख्य विषयों में विभाजित हैं – विज्ञान एवं गणित (एनेक्सर-ए), सामाजिक विज्ञान (एनेक्सर-बी) तथा भाषा (एनेक्सर-सी)। ये नियुक्तियां स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के विभिन्न पत्रों – पत्रांक 1749 (30 अगस्त 2025), 1804 (11 सितंबर 2025), 1939 (10 अक्टूबर 2025) तथा 2096 (17 नवंबर 2025) के आधार पर की गई हैं।
नवनियुक्त सहायक आचार्य 26 दिसंबर 2025 के अपराह्न से जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय, जमशेदपुर से विरमित होकर 27 दिसंबर 2025 से अपने पदस्थापित विद्यालयों में योगदान दें। यह निर्देश सभी नव नियुक्त शिक्षकों के लिए अनिवार्य है। इससे पहले, जिले में प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 5) के लिए 234 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की पदस्थापना हो चुकी है, जो शिक्षा विभाग की निरंतर भर्ती प्रक्रिया को दर्शाता है।
जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडे ने कहा कि जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने और छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। नव नियुक्त शिक्षकों में उत्साह का माहौल है और वे बच्चों को पढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

