Lohardaga (Jharkhand) : झारखंड के लोहरदगा जिले में शुक्रवार को सेन्हा प्रखंड के भड़गांव और डांडू पंचायत के पंचायत सचिव सुरेंद्र गुप्ता को एसीबी की टीम ने 15000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पंचायत सचिव बागवानी योजना के लाभुक कृष्णा उरांव से मस्टर रोल जेनरेट करने के लिए रिश्वत ले रहे थे। इसकी शिकायत एसीबी को मिली थी।

आरोप का सत्यापन व कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोप का सत्यापन होने पर एसीबी की टीम डीएसपी के नेतृत्व में शुक्रवार को लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड कार्यालय पहुंची। वहां पर जैसे ही कृष्णा उरांव ने पंचायत सचिव सुरेंद्र गुप्ता को रिश्वत के 15000 रुपये दिए, वैसे ही एसीबी की टीम ने पंचायत सचिव को धर दबोचा।
कार्रवाई से सेन्हा प्रखंड में हड़कंप
इसके बाद काफी देर तक प्रखंड कार्यालय में ही एक गाड़ी में पंचायत सचिव को बैठाकर रखा गया। एसीबी की टीम पूरे मामले की जांच कर रही थी। एसीबी की इस कार्रवाई से सेन्हा प्रखंड में हड़कंप मच गया है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

