Hazaribag/Charhi (Jharkhand) : झारखंड के हजारीबाग स्थित चरही घाटी में मंगलवार की दोपहर सड़क हादसे में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, लगभग 12:15 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंची, जिसकी मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया। वहीं, सूचना पाकर चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की शिनाख्त नहीं, अज्ञात वाहन की तलाश
हादसे के बाद चरही घाटी में सड़क के एक लेन में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस यातायात सामान्य कराने के प्रयास में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त व अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र में लोगों में दहशत है।

