चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में सोमवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। जबकि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना चाईबासा–रांची मुख्य मार्ग पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महुलसाई के पास हुई।
बताते हैं कि क्रिस्टा हेंब्रम नामक युवक अपनी स्कूटी से तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। तभी पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार रोहित दास सड़क पर गिरी स्कूटी और युवक को देख नहीं पाया और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान टुंगरी निवासी मोटरसाइकिल सवार रोहित दास की मौत हो गई। जबकि, स्कूटी सवार क्रिस्टा हेंब्रम की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शाम होने के कारण पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
READ ALSO: RANCHI CITY NEWS:रांची को गार्बेज फ्री सिटी बनाने का अभियान तेज, नगर निगम ने की ऐसी तैयारी

