RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के शहरी क्षेत्र में शुक्रवार को जंगल से निकला एक हाथी घुस गया। जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया स्थित निफ्ट कॉलोनी के पास की है, जहां सुबह-सुबह झुंड से बिछड़कर एक हाथी रिहायशी इलाके में पहुंच गया। हाथी को सड़क पर चलते देख लोग डर के मारे घरों में दुबक गए और कई लोग इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। जगन्नाथपुर के थाना प्रभारी भी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग ने लोगों से हाथी से दूरी बनाए रखने और शोर नहीं करने की अपील की है। काफी प्रयास के बाद हाथी निफ्ट क्षेत्र से निकलकर एयरपोर्ट के किनारे जंगल की ओर बढ़ गया है। इस सूचना के बावजूद लोग हाथी की गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

