रांची : झारखंड में पिछले 24 घंटे में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर और बोकारो में 3 डिग्री तक तापमान नीचे आ गया। इससे रात के समय लोगों को जहां हल्की ठंड महसूस हुई, वहीं कई जगहों पर फिर से गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ गई।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर
मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ा है। इस सिस्टम की वजह से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे रात के तापमान में गिरावट आई है। लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में करीब 4 डिग्री कम है।
इन जिलों में बढ़ेगी गर्मी
देवघर, धनबाद, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 17-18 डिग्री तक रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ सकता है। होली तक तापमान 18-20 डिग्री और अधिकतम 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इस बार की होली गर्म रहने के संकेत मिल रहे हैं।
Read Also: Mango Municipal Election: मानगो नगर निगम में मेयर पद की उम्मीदवार सुधा गुप्ता 18601 वोट से जीतीं

