Jamshedpur : सोनारी में कोर्ट के आदेश पर सोमवार को अतिक्रमण हटाया गया। इस मौके पर जबरदस्त हंगामा हुआ। पुलिस की मौजूदगी में किसी की एक नहीं चली। अतिक्रमण हटाने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई थी। कोर्ट के नाजिर भी मौजूद थे।
कोर्ट के नाजिर ने बताया कि वियोग दास ने बंटवारे का केस किया था। तीन भाइयों के बीच बंटवारे का मामला है। इस केस में फैसला आया है कि बंटवारा कर वियोग दास के हिस्से की जमीन दी जाए। इसी के बाद अनुपम के हिस्से की मापी की गई है। मापी के बाद वियोग का जो हिस्सा निकला है, उसे खाली करने को कहा गया है।
मापी के दौरान पता चला कि एक बिल्डर यहां इमारत बना रहा है। वियोग दास का आरोप है कि जब वह कोर्ट में केस जीत गए तो उनके विपक्षियों ने जमीन का कुछ हिस्सा बिल्डर को बेच दिया। इसी जमीन पर बिल्डर इमारत बना रहा है। अधिकारियों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
इसके अलावा, कुछ लोग इस जमीन पर मकान बना कर रह रहे हैं। उनसे भी मकान खाली करने को कह दिया गया है। जो लोग मकान बना कर रह रहे हैं उनमें से एक ने बताया कि उन्होंने 1973 में यह जमीन खरीदी थी और तब से मकान बना कर रह रहे हैं। लेकिन, अधिकारियों का कहना है कि अब मकान खाली करना होगा। ऐसे में वह इतनी जल्दी कैसे मकान खाली करें और कहां जाएं।

