
रांची : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुसुंबा गांव में हुई जघन्य घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने शनिवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
आदित्य साहू ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे पार्टी के अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कुसुंबा गांव पहुंचे थे। वहां मिली जानकारी को उन्होंने बेहद दर्दनाक और विचलित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि एक नाबालिग बच्ची के साथ अमानवीय कृत्य किया गया, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी प्रशासन की ओर से अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई। साहू ने कहा कि चार दिनों तक जिला प्रशासन पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंचा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़िता के पिता को घर आने में प्रशासन ने कोई सहयोग नहीं किया, जबकि भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने उनकी मदद की।
प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की ऐसी गंभीर घटना पर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस व्यवस्था कमजोर नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण के बजाय अन्य गतिविधियों में उलझी हुई है।
24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की दी चेतावनी
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि 29 मार्च को हजारीबाग के सभी प्रखंडों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 30 मार्च को जिला बंद का आह्वान किया जाएगा। इसके अलावा पूरे राज्य में महिला मोर्चा द्वारा जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
आदित्य साहू ने मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, सुरक्षा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।


