धनबाद : झारखंड की कोयला नगरी कहे जाने वाले धनबाद शहर से एक चटपटी खबर सामने आई है। यहां बीएसएस महिला काॅलेज गुरुवार को अनोखे पोस्टर के कारण चर्चा का केंद्र बन गया। सुबह जब काॅलेज की छात्राएं पहुंचीं तो एक जगह झुंड बनाकर छात्राएं पोस्टर को निहारे जा रही थीं। ठहाके लग रहे थे। छात्राएं अपने-अपने मोबाइल में इसकी तस्वीर कैद करती दिखीं। किसी अज्ञात छात्र द्वारा अपनी महिला मित्र डिम्पी से माफी मांगने के लिए लगाए गए इस पोस्टर ने न केवल राहगीरों का ध्यान खींचा, कालेज की छात्राओं के बीच भी यह खासा लोकप्रिय हो गया है।

पोस्टर में बड़े अक्षरों में अंग्रेजी-हिंदी में लिखा है, ‘आई एम साॅरी डिम्पी, मुझसे गलती हो गई, प्लीज मुझे माफ कर दो। इसके साथ ही आगे सुधार का वादा करते हुए लिखा गया है कि वह भविष्य में ध्यान रखेगा और ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी’। पोस्टर में दिल और फूल के चित्र बनाकर इसे और भी भावनात्मक और आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है। महिला काॅलेज होने के कारण इस पोस्टर को लेकर छात्राओं में कौतुहल का विषय बना हुआ हुआ है। काॅलेज आने-जाने के दौरान छात्राएं इसे पढ़कर मुस्कुरा रही हैं और आपस में इस पर चर्चा भी कर रही हैं।

कुछ छात्राएं इसे सच्चे प्यार का इजहार मान रही हैं, तो कुछ इसे ड्रामेटिक माफी बताकर मजाकिया अंदाज में ले रही हैं। इतना ही नहीं, यह पोस्टर अब इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर इसकी रील बनाकर शेयर की जा रही है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कई यूजर्स इसे क्रिएटिव तरीका बता रहे हैं, तो कुछ इसे पब्लिक प्लेस पर निजी भावनाओं का सार्वजनिक प्रदर्शन कहकर आलोचना भी कर रही हैं। छात्राओं का कहना था कि इस तरह के पोस्टर युवाओं की भावनाओं को दर्शाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि इससे सार्वजनिक स्थानों की मर्यादा पर भी सवाल खड़ा होता है।
फिलहाल, डिम्पी तक यह माफी पहुंची या नहीं, यह तो साफ नहीं हो पाया है, लेकिन इतना जरूर है कि इस पोस्टर ने बीएसएस महिला काॅलेज गेट को कुछ समय के लिए लव स्टोरी का स्पाट बना दिया है। इस मामले में बीएसएस महिला काॅलेज की प्राचार्या डाॅ. करुणा ने कहा कि उन्हें पोस्टर की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलते ही गेट से पोस्टर हटा दिया गया है। सीसीटीवी देखते हैं कि किसने इसे चिपकाया है।
Read Also- RANCHI NEWS: रांची में 10 सब इंस्पेक्टर का तबादला, देखें कौन कहां गए

