रांची : वेतन मद से फर्जी निकासी के मामले में जांच तेज करते हुए उच्चस्तरीय समिति ने दस्तावेजों की मांग पर जोर दिया है। शुक्रवार को वरीय आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित समिति ने हजारीबाग जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और कोषागार पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर पूरे मामले की समीक्षा की
समिति ने पुलिस विभाग द्वारा जारी वेतन मद की राशि और उसकी निकासी से जुड़े सभी आवश्यक कागजात तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उप महालेखाकार को भी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने को कहा गया है, ताकि अध्ययन के बाद समय पर फील्ड विजिट की जा सके।
गौरतलब है कि समिति ने एक दिन पहले बोकारो जिले के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर कागजात तलब किए थे। हजारीबाग और बोकारो—दोनों जिलों में मिलाकर करीब 19 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। इधर, वित्त विभाग से भी संबंधित फाइलें मांगी गई हैं। समिति सभी बिंदुओं की गहन जांच करते हुए जल्द ही दोनों जिलों का दौरा करेगी।
Read Also: Jharkhand Government : खनन नियमों में बड़ा बदलाव; 120 दिन में फैसला नहीं तो आवेदन होगा खारिज

