पलामू ; झारखंड में पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के पंचपोखरी गांव निवासी झारखंड पुलिस के जवान परशुराम कुमार सिंह (46) की चुनावी ड्यूटी के दौरान पश्चिम बंगाल में मौत हो गई। विभागीय जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु ब्रेन हेमरेज से हुई है, जबकि परिजनों ने समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है।
परशुराम कुमार सिंह जैप-8 लेस्लीगंज में पदस्थापित थे और हाल ही में असम की चुनावी ड्यूटी से लौटने के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल भेजा गया था। उनके बड़े भाई जयराम सिंह ने बताया कि असम से लौटने के बाद से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्हें पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और बाद में उत्तर 24 परगना में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया।
जयराम सिंह के अनुसार, परशुराम लगातार अपनी तबीयत खराब होने की सूचना अधिकारियों को दे रहे थे, लेकिन उनका समुचित इलाज नहीं कराया गया। रविवार को दोपहर में करीब 2 बजे के बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। बाद में उनके साथियों से जानकारी मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। करीब 3 बजे फोन पर सूचना मिली कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है। मृतक के पार्थिव शरीर को लाने के लिए झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सदस्य पश्चिम बंगाल रवाना हो गए हैं। परिजनों को वहां जाने से मना किया गया है।
बताया गया कि सोमवार को पार्थिव शरीर जैप-8 लेस्लीगंज लाया जाएगा, जहां से उसे पैतृक गांव पंचपोखरी भेजा जाएगा। सोमवार दोपहर बाद शव के हैदरनगर पहुंचने की संभावना है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
फिलहाल विभागीय स्तर पर मृत्यु का कारण ब्रेन हेमरेज बताया गया है, जबकि परिजन पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

