रांची : रांची के जाने-माने कावेरी रेस्टोरेंट के संचालक लव भाटिया ने गुरुवार को कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कारोबारी जगत में शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय लव भाटिया अपने रेस्टोरेंट में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह रेस्टोरेंट परिसर में ही गिर पड़े। वहां मौजूद कर्मचारियों और परिचितों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर के कई कारोबारी और परिचित अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहर सेवन कर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, लव भाटिया की अचानक मौत से परिवार और करीबी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

