Jamshedpur : पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी रविवार को जमशेदपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इसके कारण राज्य की डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि इसका सबसे अधिक प्रभाव संथाल परगना क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां आदिवासी आबादी का प्रतिशत लगातार घटा है और मुस्लिम आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्ष 1951 की जनगणना के अनुसार संथाल परगना में आदिवासियों की आबादी 44.67 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2011 में घटकर 28.11 प्रतिशत रह गई। वहीं मुस्लिम आबादी 9.44 प्रतिशत से बढ़कर 22.73 प्रतिशत तक पहुंच गई। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 1951 में मुस्लिम आबादी लगभग 2.19 लाख थी, जो 2011 में बढ़कर 15.84 लाख हो गई। दूसरी ओर आदिवासी आबादी 10.37 लाख से बढ़कर केवल 19.51 लाख तक पहुंची।
उन्होंने बताया कि सनातनी समुदाय की आबादी वर्ष 1951 में करीब 10 लाख थी, जो 2011 तक बढ़कर 34 लाख हो गई। प्रतिशत के आधार पर यह संख्या 45.9 प्रतिशत से बढ़कर 49.2 प्रतिशत हो गई।
पूरे झारखंड की स्थिति पर बोलते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में आदिवासियों की आबादी 1951 में 35.8 प्रतिशत थी, जो 2011 में घटकर 26.20 प्रतिशत रह गई। वहीं मुस्लिम आबादी 8.9 प्रतिशत से बढ़कर 14.73 प्रतिशत हो गई। उन्होंने कहा कि हिंदू सनातनी आबादी का प्रतिशत भी 87.9 से घटकर 81.7 प्रतिशत पर आ गया है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि घुसपैठ को रोकने में विफलता के कारण यह समस्या बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को संरक्षण मिलने से पूरे देश में उनकी संख्या बढ़ी है।
सोमवार को घाटशिला के कार्यक्रम में शामिल होंगे बाबूलाल
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड बार स्टेट काउंसिल के पदाधिकारी राजेश शुक्ला ने बताया कि बाबूलाल मरांडी सोमवार को घाटशिला में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि मरांडी ने हाल ही में बार काउंसिल चुनाव में मिली सफलता पर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
Read Also: Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम में वैध बालू उठाव के लिए परिवहन चालान जारी, होगी 20 करोड़ की आमदनी

