Home » Jharkhand News : मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की

Jharkhand News : मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की

Jharkhand News : औद्योगिक विकास को और गति दें, निवेश व रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दें : हेमंत सोरेन

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में उद्योग विभाग के कार्यों, योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत और गहन समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन तथा विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति पर व्यापक चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक विकास की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास से आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री सोरेन ने राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएं। बैठक में विभागीय मंत्री संजय प्रसाद यादव मुख्य सचिव अविनाश कुमार , विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह विभागीय सचिव अरवा राजकमल, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह , निदेशक विशाल सागर , निदेशक प्रीति रानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

झारक्राफ्ट में नवाचार और बाजार आधारित उत्पादों पर जोर

बैठक में झारक्राफ्ट की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नवाचार और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बाजार आधारित उत्पाद तैयार किए जाएं तथा युवाओं, विशेषकर नए आयु वर्ग को इस क्षेत्र से जोड़ा जाए। साथ ही उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री को पर्यटन स्थलों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने झारखंड की समृद्ध कला एवं संस्कृति से जुड़े उत्पादों को आधुनिक स्वरूप में विकसित करने तथा भविष्य की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

पारंपरिक शिल्पकारों को बाजार से जोड़ने का निर्देश

माटी कला बोर्ड की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक शिल्पकारों—जैसे लौह-कर्म, काष्ठ-कर्म और कुम्हारी कार्य से जुड़े कारीगरों—को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये परंपरागत व्यवसाय राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं, लेकिन आधुनिक तकनीक और औद्योगिक उत्पादों के बढ़ते प्रभाव के कारण इनकी आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि माटी कला बोर्ड इन कारीगरों की पहचान, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा आधुनिक डिजाइन एवं तकनीक से उन्हें जोड़ने की दिशा में ठोस पहल करे, ताकि उनके उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता में वृद्धि हो सके। उन्होंने लकड़ी एवं मिट्टी से निर्मित उत्पादों का झारक्राफ्ट के माध्यम से मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) कर उन्हें आकर्षक, आधुनिक और बाजारोन्मुख स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही इन उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि इन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके तथा शिल्पकारों को स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त हों।

लॉजिस्टिक पार्क और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राज्य में निर्माणाधीन प्रमुख औद्योगिक अवसंरचना परियोजनाओं, विशेषकर लॉजिस्टिक पार्क एवं वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य में उद्योगों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ हो।

Read Also: Ranchi News : 300 बालू घाटों को जल्द करें चालू, 3000 करोड़ रुपये राजस्व जुटाएं : हेमन्त सोरेन

Related Articles

Leave a Comment