Home » Koderma Murder : चालक हत्याकांड पर फूटा आक्रोश, चार घंटे जाम रहा रांची-पटना हाईवे

Koderma Murder : चालक हत्याकांड पर फूटा आक्रोश, चार घंटे जाम रहा रांची-पटना हाईवे

Jharkhand Hindi News : थाना प्रभारी के निलंबन और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

by Rakesh Pandey
Koderma Murder
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Koderma : कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में गुरुवार सुबह से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोडरमा थाना के समीप रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राजकुमार यादव के शव को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

थाना प्रभारी के निलंबन की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान का निलंबन तथा हत्या में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी शामिल थी। सुबह सात बजे से शुरू हुए जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जाम स्थल पर विधायक डॉ. नीरा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक नेताओं ने पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन किया। सभी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और त्वरित गिरफ्तारी की मांग उठाई।

जाम की सूचना मिलने पर एसडीओ निर्मल सोरेन के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। वार्ता के दौरान एसडीओ ने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग से संबंधित रिपोर्ट डीआईजी को भेज दी गई है और उनके स्तर से कार्रवाई लंबित है।

प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने राजकुमार यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि हाल के दिनों में जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गंभीर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अन्य कार्यों में व्यस्त है, जिसके कारण आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने हत्याकांड के सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Read Also- Koderma Murder : जमीन विवाद में विधायक के चालक की हत्या, थाना के सामने शव रखकर सड़क की गई जाम

Related Articles

Leave a Comment