Home » Palamu Accident : तेज रफ्तार बाइकों की टक्कर में दो युवकों की चली गई जान, दो घायल

Palamu Accident : तेज रफ्तार बाइकों की टक्कर में दो युवकों की चली गई जान, दो घायल

Palamu Accident : पलामू के पांकी में इमली चौक के पास हुआ सड़क हादसा

by Mujtaba Haider Rizvi
Road-Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित इमली चौक के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी अंकित सिंह और तरहसी के कसमार निवासी दीपक कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अंकित सिंह अपने एक दोस्त के साथ बाइक से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। वहीं दीपक कुमार यादव अपने साथी सुधांशु कुमार के साथ दूसरी दिशा से बाइक पर आ रहा था। इसी दौरान इमली चौक के समीप दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि अंकित सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार यादव को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Read Also: Palamu News : दमदमी माइंस की लापरवाही ने ली युवक की जान, संचालक समेत तीन पर दर्ज कराई गई प्राथमिकी दर्ज

Related Articles

Leave a Comment