Home » Chaibasa Snake Bite Death : शादी से दो दिन पहले चित्ती सांप के डसने से युवती की मौत, गांव में पसरा मातम  

Chaibasa Snake Bite Death : शादी से दो दिन पहले चित्ती सांप के डसने से युवती की मौत, गांव में पसरा मातम  

Chaibasa Snake Bite Death : परिजन युवती को इलाज के लिए पहले गांव के झाड़फूंक करने वाले बैद्य के पास ले गए। वहां काफी देर तक झाड़फूंक और ग्रामीण उपचार किया गया।

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa Snake Bite Death
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी से ठीक दो दिन पहले जहरीले सांप के काटने से 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों समेत पूरे गांव में मातम पसरा है।

सोते समय सांप ने डसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जराइकेला थाना क्षेत्र के ग्राम रबंगदा की है। मृतका बिरसी मिंज को शनिवार तड़के करीब तीन बजे सोई हुई अवस्था में एक जहरीले पहाड़ी चित्ती सांप ने बांये हाथ में डस लिया। युवती ने तुरंत अपने पिता सुकरा मिंज को घटना की जानकारी दी। पिता ने सांप को मारने के लिए डंडा उठाया, लेकिन तब तक सांप कहीं छिप गया।

झाड़फूंक में गंवाया कीमती समय

परिजन युवती को इलाज के लिए पहले गांव के झाड़फूंक करने वाले बैद्य के पास ले गए। वहां काफी देर तक झाड़फूंक और ग्रामीण उपचार किया गया। इस दौरान युवती की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। जब स्थिति गंभीर हुई तो सुबह करीब छह बजे उसे मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

सीएचसी में उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने बताया कि जब तक युवती को अस्पताल लाया गया, तब तक सांप का जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। समय पर सही इलाज न मिलने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दो दिन बाद थी शादी

मृतका के पिता सुकरा मिंज ने रोते हुए बताया कि दो दिन बाद बिरसी की शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद से युवती के घर और होने वाले ससुराल, दोनों जगह कोहराम मचा है। पूरे रबंगदा गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सांप काटने पर तुरंत अस्पताल ले जाने की अपील की है।

Read Also- Chaibasa News : गुदड़ी में बुलडोजर की टक्कर से सवारी वाहन पलटा, एक की मौत, दो दर्जन घायल

Related Articles

Leave a Comment