
धनबाद : 1.25 करोड़ के बैंक घोटाले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। 20 वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इतने दिनों से वे अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे।
CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) धनबाद ने 20 वर्षों से फरार चल रहे दो घोषित अपराधियों को बृजभूषण प्रसाद और करतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
CBI के अनुसार, RC-11(A)/2005-D के तहत 31 अगस्त 2005 को इन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनपर नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा, बैंक मोड़ धनबाद से करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन करने का आरोप था। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामला दर्ज होने पर नेपाल हो गए थे फरार
जांच के दौरान पता चला कि केस दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी नेपाल फरार हो गए थे। बाद में उन्हें अपराधी घोषित किया गया और उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किए गए थे।
नेपाल से लौटने के बाद दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर रह रहे थे। पिछले कुछ महीनों से CBI टीम उनकी तलाश में जुटी थी। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर सीबीआई ने कार्रवाई की और बृजभूषण प्रसाद को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के कोपरगांव से और करतार सिंह को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। करीब 20 साल बाद हुई इस गिरफ्तारी को CBI धनबाद की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
Read Also: Dhanbad crime news : धनबाद में दिनदहाड़े कारोबारी के कर्मी की गोली मारकर हत्या, पुलिस को खुली चुनौती

