
Jamshedpur news: टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआई), बर्मामाइंस के मेधावी छात्रों को अगले चार वर्षों तक शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया जाएगा। टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) और अमेरिका के मिशिगन स्थित गैर-लाभकारी संगठन सूरी सेवा फाउंडेशन (एसएसएफ) ने अपनी साझेदारी का नवीनीकरण करते हुए अप्रैल 2026 से अगले चार वर्षों के लिए 18.5 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।इस पहल के तहत टीएसटीआई के मेकाट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के हर वर्ष सात मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर’ के अलावा दोनों शाखाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार शामिल हैं। यह सम्मान टाटा स्टील के पूर्व समर्पित कर्मचारियों सरदार निरंजन सिंह और सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति में दिया जाता है। अब तक 33 मेधावी छात्रों को किया गया है सम्मानित वर्ष 2020 में शुरू हुई इस पहल के तहत अब तक 33 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जा चुका है। टाटा स्टील फाउंडेशन का मानना है कि यह कार्यक्रम छात्रों को केवल बेहतर अंक लाने के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रेरित करता है। इस पहल की सबसे प्रेरणादायक सफलता की कहानियों में तनिषा गौतम का नाम शामिल है। टीएसटीआई के वर्ष 2022-25 बैच की इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा छात्रा रहीं तनिषा वर्तमान में गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी की सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में भारत में व्यावसायिक स्तर पर निर्मित पहले ‘मेड इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर चिप के लॉन्च के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और संवाद करने का अवसर भी मिला, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। सूरी सेवा फाउंडेशन के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस एवं बोर्ड सदस्य कुलविन सूरी ने कहा कि संस्था टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ मिलकर भविष्य के तकनीकी नेतृत्व को तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमशेदपुर के लिए संस्था का सहयोग आगे भी जारी रहेगा। । वहीं, टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सौरव राय ने कहा कि सूरी सेवा फाउंडेशन का निरंतर सहयोग प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित करने और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले चार वर्षों में यह साझेदारी और अधिक छात्र-छात्राओं के लिए सफलता की नई कहानियां लिखेगी।परियोजना अवधि : अप्रैल 2026 से अगले चार वर्ष
कुल स्वीकृत बजट : 18.5 लाख
शुरुआत : वर्ष 2020
अब तक सम्मानित छात्र : 33
हर वर्ष सम्मानित होंगे : 7 मेधावी छात्र
पाठ्यक्रम : मेकाट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा
उद्देश्य : तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करना और कुशल तकनीकी मानव संसाधन तैयार करना।

