Home » Indian Railway: अब सुहाना सफर… PM मोदी ने किया बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन

Indian Railway: अब सुहाना सफर… PM मोदी ने किया बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चक्रधरपुर : भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और अवसंरचना विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ (ABSS) के तहत पुनर्विकसित बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस राष्ट्रव्यापी पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत देश के कई अन्य स्टेशनों को भी नया स्वरूप देकर जनता को समर्पित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के विजन पर आधारित ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ भारतीय रेलवे का अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी स्टेशन पुनर्विकास अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय, आधुनिक और टिकाऊ (Sustainable) बनाना है, ताकि यात्रियों का सफर सुगम हो सके।

 

स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की कवायद

खास बात यह है कि आधुनिकीकरण के इस दौर में प्रत्येक क्षेत्र की स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य कला (Architecture) को भी बखूबी सहेजा जा रहा है। बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस समारोह में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुअल ओराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ स्थानीय विधायक लक्ष्मण मुंडा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

 

बिमलगढ़ स्टेशन समग्र विकास में एक नया अध्याय लिखेगा : मंत्री

मंत्री जुअल ओराम ने कहा कि बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का यह नया और आधुनिक स्वरूप बोनाई क्षेत्र के समग्र विकास में एक नया अध्याय लिखेगा। इससे न केवल यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी भारी गति मिलेगी।

एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ स्टेशन

पुनर्विकसित बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट जैसा तैयार किया गया है। अब यहां यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नया भव्य स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षा कक्ष और बेहतर आवागमन क्षेत्र, उन्नत प्रकाश व्यवस्था और रियल-टाइम डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली। दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित इंफ्रास्ट्रक्चर, समर्पित पार्किंग व्यवस्था और स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय स्कूली बच्चों और कलाकारों द्वारा दी गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिसमें क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी परंपराओं और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने औपचारिक रूप से स्मारक पट्टिका का अनावरण किया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए भारी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेल यात्री, छात्र और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

 

डीआरएम ने जताया आभार

समारोह के सफल आयोजन पर चक्रधरपुर मंडल के रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जुअल ओराम, विधायक लक्ष्मण मुंडा, जिला प्रशासन के अधिकारियों, मीडिया कर्मियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बिमलगढ़ स्टेशन का यह कायाकल्प क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

Related Articles