
Jamshedpur Crime : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त अभियान के दौरान एक मोबाइल चोर को चोरी किए गए मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। रेलवे स्टेशन परिसर में बढ़ाई गई निगरानी और नियमित गश्त के कारण आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक कुमार उर्फ गोलू (24) के रूप में हुई है। वह जमशेदपुर के जेम्को स्थित आजाद बस्ती का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि उसने मंगलवार देर रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी किया था।
घटना के बाद आरोपी स्टेशन परिसर में ही घूम रहा था। इसी दौरान नियमित गश्त कर रही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। बाद में पीड़ित यात्री ने मोबाइल की पहचान कर दी, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी चोरी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना, टाटानगर के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में हुई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) बलबीर प्रसाद ने किया। संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मोबाइल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” का उद्देश्य रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, चोरी, पॉकेटमारी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। इसके लिए रेलवे परिसरों में नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी और सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल, बैग, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ एवं जीआरपी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

