चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर वनशक्ति पिकनिक स्पॉट के समीप निर्माणाधीन पुलिया के कार्य के दौरान शनिवार को कोयल नदी के बीच खुदाई में राधा-कृष्ण की संगमरमर की मूर्ति मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मूर्ति के दर्शन के लिए पहुंचने लगे।जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिया निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से कोयल नदी में खुदाई का काम चल रहा था। अचानक मशीन बंद हो गई।
ऑपरेटर ने दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन मशीन चालू नहीं हुई। इसके बाद श्रमिकों ने देखा कि जिस जगह खुदाई हो रही थी, वहां करीब चार फीट नीचे एक संगमरमर की राधा-कृष्ण की मूर्ति दबी हुई है। मूर्ति मिलने की सूचना आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और मूर्ति को वहीं बांस की हरी झाड़ियों से घेरकर अस्थायी रूप से स्थापित कर दिया। मौके पर भगवा झंडा भी लगाया गया है।
पुरातत्व विभाग को दे दी गई सूचना
ग्रामीणों का कहना है कि भगवान श्री राधा-कृष्ण की यह प्रतिमा उनके लिए आराध्य देव का आशीर्वाद है। स्थानीय लोगों ने निर्णय लिया है कि मूर्ति को या तो गांव के मंदिर में स्थापित किया जाएगा या फिर नदी तट पर ही नया मंदिर बनाकर प्रतिमा को विराजमान किया जाएगा। फिलहाल मूर्ति को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और ग्रामीण पूजा-अर्चना कर रहे हैं। प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुरातत्व विभाग द्वारा मूर्ति की प्राचीनता की जांच कराए जाने की संभावना है।
Read Also: West Singhbhum News : DC मनीष कुमार ने किया दाल-भात केंद्र का औचक निरीक्षण, अधिकारियों संग खाया भोजन

