चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय के सभागार में रविवार को जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने ‘प्रोजेक्ट प्राण’ का औपचारिक शुभारंभ किया। Project PRAAN यानी Panchayat Reform For Achieving Aatmanirbharta के तहत जिले की सभी 217 पंचायतों में विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, चक्रधरपुर एसडीओ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया और पंचायत सचिव मौजूद रहे।
पंचायत भारत की आत्मा : डीसी
बैठक को संबोधित करते हुए डीसी मनीष कुमार ने कहा कि पंचायत भारत की आत्मा है। उन्होंने सभी मुखिया और पंचायत सेवकों को एक माह के भीतर अपने क्षेत्र के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन में हैंड वॉश यूनिट, भस्मक यंत्र, सेग्रीगेशन वेस्ट, और आवश्यकतानुसार पेवर्स ब्लॉक लगवाने का निर्देश दिया। गर्मी को देखते हुए डीसी ने कहा कि जिन पंचायतों में पानी की कमी है, वहां टैंकर उपलब्ध कराएं और खराब चापाकल की मरम्मत कराएं। सभी पंचायत भवनों में वाटर फिल्टर आरओ लगाना अनिवार्य होगा। शौचालय नहीं होने पर एक भारतीय और एक वेस्टर्न स्टाइल शौचालय का निर्माण कराया जाए।
बनेगी ज्ञान केंद्र में होने वाले परीक्षाओं की सूची
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पंचायत भवन में हेल्प डेस्क, ऊर्जा कक्ष, सीसीटीवी, व्हाइट बोर्ड और हरे-भरे पेड़-पौधे लगाए जाएं। ज्ञान केंद्र में होने वाली सभी परीक्षाओं की सूची अनिवार्य रूप से रखी जाए। सभी मुखिया और पंचायत सेवक को पांच-पांच स्कूलों का निरीक्षण करने तथा प्रत्येक पंचायत से दो टीबी मरीजों को गोद लेने का अनुरोध किया गया। जिले में हर माह 19 तारीख को पंचायत सशक्त दिवस, 20 को तिथि उत्सव, 24 को रक्तदान शिविर, 28 को आवास प्रवेश और 06 को आहार दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में अपने पंचायत क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले मुखिया और पंचायत सचिवों को जिला उपायुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीसी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाएं हर टोले तक पहुंचें और पंचायतों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाया जाए।

