Home » Jharkhand News: एंबुलेंस के इंतजार में अब नहीं जाएंगी जानें, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा-15 मिनट में मिलेगी आपातकालीन मदद 

Jharkhand News: एंबुलेंस के इंतजार में अब नहीं जाएंगी जानें, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा-15 मिनट में मिलेगी आपातकालीन मदद 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 108 एंबुलेंस सेवा को आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए 720 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ.इरफान अंसारी ने कहा कि एंबुलेंस के इंतजार में अब किसी की जान नहीं जाएगी। गांव-गांव तक एंबुलेंस सेवा पहुंचाई जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी आपात स्थिति में 15 मिनट के भीतर एंबुलेंस मरीज तक पहुंच जाए। ताकि गोल्डन ऑवर में इलाज शुरू हो सके।

उन्होंने शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि राज्य सरकार ने राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 108 एंबुलेंस सेवा को आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए 720 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन एंबुलेंस के शामिल होने से सड़क दुर्घटना, गर्भवती महिलाओं, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और अन्य गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित 720 एंबुलेंस में 50 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस), 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (पीटीवी) शामिल है। योजना के तहत पीटीवी एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में तैनात की जाएंगी, जबकि एएलएस एंबुलेंस सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध कराई जाएंगी।

हर पंचायत तक एंबुलेंस पहुंचाने की तैयारी

सरकार भविष्य में राज्य की प्रत्येक पंचायत तक छोटी एंबुलेंस उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम कर रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि झारखंड का कोई भी नागरिक समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे और हर जरूरतमंद तक शीघ्र चिकित्सा सहायता पहुंच सके।

डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड के दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों की भौगोलिक स्थितियों को देखते हुए यहां छोटे और आधुनिक एंबुलेंस नेटवर्क के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शेष 690 एंबुलेंस की निविदा प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी की जाए, ताकि इन्हें जल्द से जल्द सेवा में शामिल किया जा सके।

Read Also: Jharkhand Politics: नीट पर राजनीति कर रहा विपक्ष,झारखंड की परीक्षा गड़बड़ियों पर मौन क्यों :रघुवर दास

 

 

Related Articles