
दुमका: सावन के पावन माह में बाबाधाम और बासुकीनाथ आने वाले शिवभक्तों की यात्रा अब बेहद आसान और यादगार होने वाली है। सरकार ने श्रद्धालुओं को बड़ा तोहफा दिया है। 4 अगस्त से देवघर और बासुकीनाथ के बीच हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हो रही है। यानी अब घंटों का सफर मिनटों में तय होगा, और भक्त आसमान से बाबा के धाम का भव्य रूप देख सकेंगे।
आसमान से कीजिए बाबा धाम का दर्शन
झारखंड सरकार का उड्डयन विभाग झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के जरिए इस सेवा को शुरू कर रहा है। भक्तों की सहूलियत के लिए दुमका के बासुकीनाथ हेलीपैड को ही मुख्य केंद्र बनाया गया है। यहां हेलिकॉप्टर की लैंडिंग और टेक-ऑफ के लिए सभी सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
प्रति यात्री किराया
देवघर या बासुकीनाथ का आकाशीय दर्शन (7-10 मिनट): 2,850 रुपये
देवघर से त्रिकुट पहाड़ी की हवाई सैर (10-15 मिनट): 3,750 रुपये
देवघर से बासुकीनाथ (एक तरफ की यात्रा): 4,500 रुपये
ऐसे करें टिकट बुक
अगर आप भी आसमान से बाबा के धाम का नजारा देखना चाहते हैं या इस यात्रा का आनंद लेना चाहते हैं, तो ‘झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट’ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। हेल्पलाइन नंबर: 9122583111 पर कॉल करके अपनी सीट बुक कर सकते हैं।

