
पलामू : रोजगार की तलाश में गुजरात गए गढ़वा के एक युवक का शव बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में क्रेन से लटकता मिला। घटना अहमदाबाद के एसजी हाईवे की है। निरमा यूनिवर्सिटी के पास एक 32 मंजिला निर्माणाधीन इमारत में यह वारदात हुई।
सुबह नजर पड़ी तो उड़ गए होश
22 वर्षीय मृतक प्रीतम सिंह मूल रूप से गढ़वा का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से इस बहुमंजिला इमारत के निर्माण कार्य में बतौर क्रेन ऑपरेटर कार्यरत था। बुधवार की सुबह जब अन्य मजदूर और आसपास के लोग पहुंचे, तो उन्होंने 32वीं मंजिल पर लगी क्रेन से एक शव लटकता देखा। इतनी ऊंचाई पर शव देखकर वहां हड़कंप मच गया और तुरंत स्थानीय पुलिस को खबर दी गई।
शव नीचे उतारने में छूटे पसीने
सूचना मिलते ही सोला थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंची। हालांकि, 32वीं मंजिल की भारी ऊंचाई के कारण शव को सुरक्षित नीचे लाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि प्रीतम ने मंगलवार की देर रात ही यह खौफनाक कदम उठाया होगा, लेकिन अंधेरा होने की वजह से किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।
कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
सोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अभी आत्महत्या की असल वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के साथी मजदूरों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ी जोड़ी जा सके। वहीं, हादसे की खबर गढ़वा स्थित प्रीतम के घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Read Also: Palamu News : पलामू में आहर से मिले दो सगे भाइयों के शव, चाचा ने जताई हत्या की आशंका

