
Jamshedpur : अन्ना चौक के पास हाल में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गोविंदपुर में सर्वदलीय, सामाजिक एवं पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन को तत्काल ठोस और प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की जरूरत है। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) और ट्रैफिक डीएसपी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जनभावनाओं से अवगत कराया तथा कई मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने गोविंदपुर क्षेत्र में नो-एंट्री का समय सुबह 5 बजे से 9 बजे तक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित करने की मांग की। इसके साथ ही गोविंदपुर में प्रवेश और निकासी वाले सभी प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री के समय की जानकारी देने वाले बड़े और स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने की मांग की गई।
क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए 10 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति सीमा दर्शाने वाले करीब 20 साइन बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाने की मांग भी की गई है। दुर्घटना संभावित और तेज रफ्तार वाले स्थानों को चिह्नित कर कम से कम 10 स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने गोविंदपुर गिट्टी मशीन के समीप घनी आबादी वाले क्षेत्र में मजबूत लोहे की बैरिकेडिंग कराने की मांग की। प्रतिनिधियों के अनुसार, इस स्थान पर अब तक सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है, इसलिए यहां तत्काल सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।
इसके अलावा गोविंदपुर अन्ना चौक से काली मंदिर तक सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई। इसके लिए संबंधित कंपनी, विशेषकर निर्वाण बिजली कंपनी से आवश्यक सहयोग लेने की बात कही गई।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गोविंदपुर में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के लिए पांच कमरों वाले यातायात पोस्ट की व्यवस्था करने तथा सड़क किनारे अवैध रूप से या नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी निजी गाड़ियों को तत्काल हटाने के लिए कड़े निर्देश जारी करने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला जारी रह सकता है। अधिकारियों ने प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में समस्त जनता, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों तथा पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
Read also Jamshedpur News : हत्या कर स्वर्णरेखा नदी में फेंका गया शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा

