
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा में 29 सितंबर को 7वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने की। इसमें समारोह को भव्य, अनुशासित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। दीक्षांत में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 5,446 छात्रों को उपाधि दी जाएगी। इसमें स्नातकोत्तर की 4,066, बी.एड. की 1,310, एमबीए की 30 और पीएच.डी. की 40 उपाधियां शामिल हैं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले को 26 स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 26 स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसमें पीजी स्तर पर 24, बी.एड. में 1 और एमबीए में 1 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। बैठक में विश्वविद्यालय के सभी डीन, विभागाध्यक्ष और विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्था, सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर अपने सुझाव रखे।
दीक्षांत समारोह के लिए बनाई गई कई समितियां, सौंपी गई जिम्मेदारियां
दीक्षांत के सुचारु संचालन के लिए कई समितियां बनाई गई हैं। इन समितियों को मंच सज्जा, अतिथि अभिनंदन, प्रोटोकॉल, छात्रों की उपस्थिति व अनुशासन, उपाधि एवं पदक वितरण, सुरक्षा, यातायात और प्रचार-प्रसार जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने सभी डीन, एचओडी और समिति सदस्यों को निर्देश दिया कि आपसी तालमेल के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का यह 7वां दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित हो, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी।
Read Also Chaibasa news : सोनुवा में झंडा फहराने का विवाद : जिला प्रमुख संघ ने डीसी से मिलकर की शिकायत


