
Seraikela : कांड्रा थाना क्षेत्र से लापता हुए दो युवकों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर लापता राहुल हांसदा और उसके दोस्त तपन प्रधान के शव गम्हरिया थाना क्षेत्र से बरामद किए गए हैं। दोनों शव वनभूमि में जमीन के अंदर गाड़े गए थे।
सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 13 अगस्त की शाम पिण्ड्राबेड़ा गांव निवासी राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान के साथ धतकीडीह स्कूल के पास मारपीट की गई थी। इसके बाद तीनों को एक वाहन से गम्हरिया थाना क्षेत्र के सरनामूल ले जाया गया, जहां उन पर फिर जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान सूरज हांसदा किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा, जबकि राहुल और तपन लापता हो गए।
राहुल के पिता रवि हांसदा ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पिण्ड्राबेड़ा निवासी फूलचंद रघुनाथ हांसदा (22) और रविन्द्र मार्डी (25) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने मामले से जुड़ी अहम जानकारी दी। इसके बाद उनकी निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर गाड़े गए राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव बरामद किए गए।
शवों की बरामदगी की दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने हत्या की घटना में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ कांड्रा थाना कांड संख्या 20/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


