
Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में गुरुवार अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत ने पूरे जमशेदपुर को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार युवाओं की जान चली गई। हादसे में तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की मौत हुई है।
हादसे के बाद सामने आए तथ्यों और जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से हुई भीषण टक्कर को हादसे का प्रमुख पहलू माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार चारों युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर मरीन ड्राइव जैसी सड़कों पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे की परिस्थितियों, वाहन की गति और सड़क पर खड़े ट्रेलर समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
तृषा का रांची में हुआ अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वाली मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची में किया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मंत्री जमशेदपुर पहुंचीं। खराब मौसम के कारण उनका विमान रांची में उतरा था, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से जमशेदपुर पहुंचीं। बाद में तृषा का पार्थिव शरीर रांची ले जाया गया।
तीन युवाओं का शुक्रवार को जमशेदपुर में अंतिम संस्कार
इधर, हादसे में मारे गए सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल का अंतिम संस्कार शुक्रवार को जमशेदपुर में किया जाएगा। सार्थक अग्रवाल के माता-पिता चार धाम यात्रा के दौरान बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद यात्रा बीच में छोड़कर वापस लौट आए हैं। परिवार और करीबी लोगों के बीच शोक का माहौल है।
चार युवाओं की असमय मौत से उनके परिवारों के साथ-साथ उनके स्कूल, मित्रों और पूरे शहर में गम का माहौल है। चारों छात्र कक्षा 12 में पढ़ते थे।
इसे भी पढ़ें – गोलमुरी में दिनदहाड़े बैंक डकैती के बाद बदमाशों का CCTV मूवमेंट, कोई बाइक से भागा तो कोई रेनकोट पहनकर इत्मीनान से निकला

