
Jamshedpur : झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने सोमवार को जमशेदपुर परिसदन सभागार में पूर्वी सिंहभूम जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में समिति के सदस्यों और विधायकों ने विभागवार योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को लंबित योजनाओं में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। समिति ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
राज्य संपोषित योजनाओं में निर्धारित समय से पीछे चल रहे कार्यों को कार्ययोजना बनाकर जल्द पूरा करने को कहा गया। संवेदकों के साथ नियमित बैठक कर प्रगति की निगरानी करने और अनावश्यक देरी करने वाले संवेदकों पर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
समिति ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उद्घाटन और नई योजनाओं का शिलान्यास कराने पर भी जोर दिया। योजनाओं की प्रगति की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा उपायुक्त स्तर पर लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
खनन एवं भूतत्व विभाग की समीक्षा के दौरान खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमानुसार विकास कार्य कराने और अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पर्यटन स्थलों पर जरूरी सुविधाएं विकसित करने, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को भी कहा गया।
स्कूली शिक्षा विभाग को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश मिला। इसके अलावा ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन निर्माण, पथ निर्माण, ऊर्जा, कृषि, कल्याण और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और तकनीकी विभागों के अभियंता मौजूद रहे।

