
Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहने के बजाय समाज के स्तर पर भी पहल जरूरी है। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर को होने वाला ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ सेमिनार सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था की कमियों को सामने लाकर उनके समाधान के सुझाव सरकार तक पहुंचाने की पहल है।
मिलानी हॉल में मंगलवार को सेमिनार की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। सरयू राय ने कहा कि स्कूलों और अन्य माध्यमों से मिली जानकारियां शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य लेने के बजाय उन्हें विद्यालयों में शिक्षण कार्य के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
प्राथमिक शिक्षा में कई समस्याएं
सरयू राय ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है। कई विद्यालयों को पिछले दो वर्षों से विकास कार्यों के लिए अनुदान नहीं मिला है। सरस्वती वाहिनी से जुड़े कर्मियों को नियमित भुगतान नहीं होने, पुस्तकालयों की कमी और सफाई कर्मचारियों की कमी जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से भी अपेक्षित शिक्षण कार्य के बजाय गैर-शैक्षणिक कार्य अधिक लिए जा रहे हैं।
माध्यमिक और उच्च शिक्षा में भी परेशानी
उन्होंने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों में बेंच-डेस्क और कंप्यूटर शिक्षकों की कमी है। शिक्षकेतर कर्मचारियों की कमी भी स्कूलों के संचालन को प्रभावित कर रही है। वहीं, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की कमी और आवश्यकता आधारित शिक्षकों को पूरा मानदेय नहीं मिलने जैसी समस्याएं हैं।
सरयू राय ने कहा कि इन सभी मुद्दों पर 4 अक्टूबर के सेमिनार में विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन आगे झारखंड के अन्य जिलों में भी किए जाएंगे, ताकि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी स्थानीय समस्याओं को सामने लाया जा सके।
कदमा में होगा मुख्य सेमिनार
4 अक्टूबर को सेमिनार का आयोजन डीबीएमएस हाईस्कूल परिसर स्थित कलाकृति प्रेक्षागृह, रंकिणी मंदिर के समीप कदमा में किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा पर आधारित एक स्मारिका का विमोचन भी होगा। आयोजन स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार पंजीकरण सुबह 9 से 10 बजे तक होगा। उद्घाटन सत्र सुबह 10 से 11 बजे तक चलेगा। पहला सत्र 11.15 बजे से दोपहर 12.30 बजे, दूसरा सत्र 12.30 से दोपहर 2 बजे तक, तीसरा सत्र दोपहर 3 से 4.30 बजे तक होगा, जिसमें शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। अंतिम सत्र शाम 4.30 से 5.30 बजे तक आयोजित होगा।

