
Jamshedpur : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के संयुक्त महामंत्री एचएस सैनी के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को यूनियन कार्यालय एवं कंपनी परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। यूनियन कार्यालय में आयोजित समारोह में एचएस सैनी को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह समेत यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी मेंबर और आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने एचएस सैनी को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सैनी के व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें एक सफल ट्रेड यूनियन लीडर बताया।
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि ट्रेड यूनियन का वास्तविक नेता वही होता है, जो सभी को साथ लेकर चले। यह गुण एचएस सैनी में मौजूद है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद सैनी स्वस्थ एवं खुशहाल रहें, यही ईश्वर से कामना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यूनियन आगे भी हर परिस्थिति में सैनी के साथ खड़ी रहेगी।
यूनियन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का संचालन अशोक उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया।
कंपनी परिसर में भी हुआ सम्मान
टाटा मोटर्स कंपनी परिसर में भी एचएस सैनी के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने श्री सैनी को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान डिवीजन के कर्मचारियों की ओर से एच एस सैनी को उपहार भेंट किया गया। अतिथियों ने अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन अभय कुमार ने किया।

