
रांची : देश सेवा का जज्बा रखने वाले झारखंड के युवाओं के लिए बेहतरीन मौका है। भारतीय सेना में शामिल होने के लिए आगामी 1 सितंबर से रांची में अग्निवीर भर्ती रैली 2026 का आयोजन होने जा रहा है। लगभग दो हफ्ते 12 से 13 दिन तक चलने वाली इस भर्ती रैली को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है।
आधी रात से मिलेगा प्रवेश, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
तैयारियों को लेकर समाहरणालय में आयोजित बैठक में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। सेना के अधिकारी एमके शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों की एंट्री रात 12 बजे से ही शुरू हो जाएगी। रात के समय भीड़ को संभालने और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में हाई-टेक लाइटिंग, पावर बैकअप, एलईडी स्क्रीन और लाउडस्पीकर की विशेष व्यवस्था की जा रही है। बारिश या धूप से बचाव के लिए वाटरप्रूफ शेल्टर और बैठने के लिए बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं।
मेडिकल टीम और आपातकालीन सुविधाएं
दौड़ और शारीरिक परीक्षण के दौरान युवाओं की सेहत का पूरा ख्याल रखा जाएगा। डीसी ने भर्ती स्थल पर एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीम, कूलिंग रूम और जरूरी जीवनरक्षक दवाइयों की चौबीसों घंटे उपलब्धता के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई, पीने के पानी और शौचालय की भी उचित व्यवस्था रहेगी।
बैठक में सदर एसडीओ, सहायक समाहर्ता, ट्रैफिक डीएसपी और शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की कोशिश है कि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
Read Also: NEET Paper Leak LIVE : CJP की याचिका पर केंद्र सख्त, अदालत में कहा- ‘प्रोटेस्ट नहीं, था हंगामा

