रांची : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला है। मरांडी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि राजधानी रांची में बीते दो दिनों में हुई दो नृशंस हत्याओं के बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। उन्होंने सरकार से इन हत्याओं की जिम्मेदारी लेने की मांग की है।
‘अपराधियों को मिल रहा संरक्षण’
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार द्वारा पोषित अपराधियों का आतंक इस हद तक बढ़ चुका है कि आम जनता अब असमय मौत के गाल में समा रही है। उन्होंने कहा कि इस घातक वारदातों के कारण सुहागिनों का सिंदूर मिट रहा है, बच्चे अनाथ हो रहे हैं और पूरे परिवार उजड़ रहे हैं। मरांडी ने मुख्यमंत्री से सख्त कदम उठाकर राज्य की कानून-व्यवस्था को सुधारने की अपील की है।
विपक्ष भी करेगा पलटवार
बाबूलाल मरांडी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार सिर्फ शब्दों की राजनीति करती रही और डायलॉगबाजी छोड़कर कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो विपक्ष भी पलटवार करने में सक्षम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार विपक्ष की ओर से सरकार को सख्त विरोध का सामना करना पड़ेगा।

