
अभी तक आयोग में अपील और शिकायतों की शुरू नहीं हो पाई है सुनवाई
रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने और आयोग का कामकाज शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित चयन समिति की बैठक अविलंब बुलाने की भी मांग की है। मरांडी ने पत्र में कहा है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति के संबंध में स्पष्ट रूप से जानकारी मांगी थी। उस समय मुख्यमंत्री ने नियुक्ति जल्द किए जाने का आश्वासन दिया था। उनके अनुसार, सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के बाद भी मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति नहीं होने के कारण आयोग में अपील और शिकायतों की सुनवाई शुरू नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी अपीलों और शिकायतों पर सुनवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूचना का अधिकार समय पर सूचना उपलब्ध कराने से जुड़ा है और सुनवाई में विलंब होने से कई मामलों में सूचना प्राप्त करने का उद्देश्य ही समाप्त हो सकता है। मरांडी ने कहा कि उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका भी सरकार द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के आश्वासन के आधार पर निष्पादित हुई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर आयोग में नियमित सुनवाई शुरू कराने तथा इसकी स्पष्ट समयसीमा बताने का आग्रह किया।

