
jamshedpur : छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के प्राथमिक विभाग की ओर से शनिवार को ‘कल्चरल ब्लॉसम-2026’ का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्प अर्पण एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, मधुर गीत, समूह काव्य पाठ, मनमोहक वर्ल्ड परेड तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। रंग-बिरंगी वेशभूषा और मनोहारी प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि ‘कल्चरल ब्लॉसम’ जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन, टीम भावना तथा विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग और समर्पण से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल और यादगार बना।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। ‘कल्चरल ब्लॉसम-2026’ ने प्रतिभा, संस्कृति और एकता का प्रेरक संदेश देते हुए उपस्थित सभी लोगों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।

