
रांची : इस वर्ष शादी के सीजन में एक अनूठा माहौल देखा जा रहा है। 15 दिसंबर तक विवाह के केवल चार बड़े लग्न बचे हैं, जिनमें 11, 13, 14 और 15 दिसंबर को सैकड़ों शादियां तय हैं। इन दिनो में शादी करने वाले लोग भारी संख्या में अपनी बुकिंग्स कर चुके हैं। ऐसे में टेंट डेकोरेटर, बैंक्वेट हॉल और केटरिंग सेवाओं के लिए भारी मांग बनी हुई है।
टेंट और बैंक्वेट हॉल में बुकिंग की कड़ी होड़
टेंट डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन कुणाल अजमानी ने बताया कि इस वर्ष शादी के लग्न ज्यादा होने की वजह से टेंट और डेकोरेशन सेवाओं की डिमांड भी बढ़ी है। रांची में लगभग 200 से 250 टेंट हाउस हैं और इन सभी की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। वहीं, शहर में बैंक्वेट हॉल की संख्या भी बढ़ी है। अब रांची में करीब 100 बैंक्वेट हॉल हैं, जिनमें से अधिकांश पहले ही बुक हो चुके हैं।
बैंक्वेट हॉल की बुकिंग में नवंबर-दिसंबर में आई तेजी
झारखंड चैंबर के ज्वाइंट सेक्रेटरी नवजोत अलंग ने कहा कि रांची में बैंक्वेट हॉल की बुकिंग पहले से शुरू हो जाती है। हालांकि, मई और जून में इन हॉल्स की बुकिंग कम थी, लेकिन नवंबर से लेकर दिसंबर तक बुकिंग्स में तेजी आई है। इन चार दिनों में लगभग सभी प्रमुख हॉल पूरी तरह से बुक हैं, और शादियों की तैयारी जोरों पर चल रही है।
केटरिंग सेवाओं में भी जबरदस्त हलचल
एलएनबी कैटरर्स के प्रमुख प्रकाश नाहटा ने बताया कि इस वर्ष केटरिंग के बाजार में भी जबरदस्त उछाल आया है। रांची में सैकड़ों केटरर्स हैं, और इस सीजन में लगभग सभी के पास 2 से 4 शादियों की बुकिंग है। केटरिंग सेवाओं का यह मांग वाला सीजन शहर के हर कोने में नजर आ रहा है।
खरमास के बाद फिर से शादियों की नई शुरुआत
पंडित मनोज पांडेय के अनुसार, 16 दिसंबर को सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे खरमास की शुरुआत होगी। इस अवधि में एक महीने तक मांगलिक कार्यों पर विराम लगेगा। खरमास के बाद 14 जनवरी, 2025 को सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे, और 16 जनवरी से मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाएंगे।

