Jamshedpur : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी 2026 को गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या केस की तहकीकात अब तेज हो गई है। इस मामले में देहरादून पुलिस ने रविवार देर शाम झारखंड के जमशेदपुर स्थित बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंग टेकरी निवासी आकाश प्रसाद के घर पर कुर्की की कार्रवाई की।
देहरादून पुलिस बागबेड़ा पुलिस के साथ आरोपी के घर पहुंची और वहां से कई सामान जब्त किए। जब्त सामानों की लिस्ट तैयार कर उन्हें बागबेड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
घटनास्थल पर मौजूद था आरोपी
आकाश पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार आरोपी आकाश प्रसाद हत्या के वक्त घटनास्थल पर था। इन्वेस्टिगेशन में यह बात सामने आई है कि उसने शूटर्स को मौके से भगाने में पूरी भूमिका निभाई थी। कुर्की के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के बाद पुलिस टीम उसे साथ लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, ताकि अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
13 मई को गिरफ्तार हुआ था यशराज
हाल ही में देहरादून पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता तब मिली थी जब एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को 13 मई को सहारनपुर रेलवे स्टेशन रोड स्थित सूर्यलोक होटल के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 12 मई को यशराज अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार गया था। वहां से वह कानूनी सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
दिल्ली में खंगाला जा रहा शूटर्स का नेटवर्क
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि यशराज सिंह के कहने पर ही रांची से शूटरों को दिल्ली फ्लाइट के जरिए भेजा गया था। पुलिस अब दिल्ली में शूटरों के ठहरने और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। इस हत्याकांड में कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

