
Jamshedpur : पोटका प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अलग झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रखंड क्षेत्र के चयनित दर्जनों आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। विधायक संजीव सरदार ने आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का त्याग, संघर्ष और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके लंबे संघर्ष और बलिदान के कारण ही अलग राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के योगदान को सम्मान देना पूरे समाज और राज्य की जिम्मेदारी है।
विधायक ने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बीतने के बाद भी आंदोलनकारियों को लंबे समय तक वह सम्मान नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के अगुआ दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पुत्र और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार आंदोलनकारियों को सम्मान देने तथा उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों की पहचान, सम्मान और अधिकारों के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। ऐसे सम्मान समारोह न केवल आंदोलनकारियों के संघर्ष को सम्मान देते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को झारखंड आंदोलन के इतिहास और उसके पीछे किए गए बलिदानों से भी अवगत कराते हैं।
सम्मानित होने के बाद कई आंदोलनकारी भावुक हो गए। उन्होंने झारखंड आंदोलन के दौरान किए गए संघर्ष और उस दौर की कठिनाइयों को याद करते हुए खुशी जताई। आंदोलनकारियों ने कहा कि लंबे समय बाद उनके संघर्ष और योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलना उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है। समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, पंचायत राज पदाधिकारी मनोज सिन्हा, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, झामुमो नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

