
रांची : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ–बीएलए-2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी मतदाताओं, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी स्टेकहोल्डरों से इसमें अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव पाठशाला का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सहभागी और त्रुटिरहित बनाना है। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में शामिल एब्सेंट (अनुपस्थित), शिफ्टेड (स्थानांतरित), डेथ (मृत) एवं डुप्लीकेट (दोहरे) मतदाताओं की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई जाएगी। उपस्थित बीएलए-2, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक इन प्रविष्टियों का सत्यापन कर अपनी आपत्तियां या सुझाव दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में बना रहे और अपात्र या दोहराव वाले नाम हटाए जा सकें। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है।
के. रवि कुमार ने कहा कि चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्वाचन संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से भी अवगत कराया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2, बूथ स्तर के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर आयोजित चुनाव पाठशाला में भाग लेकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग दें। इससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी।

