
Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू कावेरी रोड स्थित करमू चौक पर बुधवार देर रात सिगरेट पीने को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद में चापड़ चल गया। घटना की जानकारी मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो झगड़ा कर रहे युवक भाग खड़े हुए। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौक पर खड़े कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के कुछ युवक हाथों में चापड़ लेकर आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए इस हमले से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास की दुकानें बंद होने लगीं और राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे और अक्सर मिलते-जुलते रहते थे, लेकिन छोटी सी बात ने बड़ा और खतरनाक रूप ले लिया। हथियार लहराए जाने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए करमू चौक ठहर सा गया।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय युवकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान, सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही हमलावर युवक फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी की और भीड़ को हटाकर हालात को सामान्य किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
Also Read: Ranchi News: पेयजल घोटाला, बयान से मुकरा आरोपी संतोष कुमार, ईडी अफसरों पर मारपीट का केस दर्ज

