Home » इरफान अंसारी कुंभ जाने की सोच रहे तो जाएं, जामताड़ा में किया पाप धुल जाएगा: शाही

इरफान अंसारी कुंभ जाने की सोच रहे तो जाएं, जामताड़ा में किया पाप धुल जाएगा: शाही

भाजपा नेता व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप पहुंचे जामताड़ा सदर अस्पताल, मंत्री इरफान अंसारी के कुंभ जाने के बयान पर साधा निशाना

by Anurag Ranjan
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जामताड़ा : स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी मेरे मित्र हैं। अगर कुंभ जाने का मन बनाए हैं तो निश्चित रूप से जाएं। लेकिन उनसे आग्रह होगा कि चुपचाप जाकर कुंभ स्नान कर वापस लौट आएं। ताकि जामताड़ा के पाप को वहां पुण्य में बदला जा सके। अगर प्रयागराज में जाकर उल-जलूल बोलेंगे तो योगी व्यवस्था में इलाज होगा और उन्हें वापस लौटकर अपने ही अस्पताल रिम्स में भर्ती होना पड़ेगा।

ये बातें पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व भाजपा नेता भानू प्रताप शाही ने कहीं। शाही मंगलवार को जामताड़ा पहुंचे थे और पार्टी मीटिंग के बाद जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचकर यहां के हालातों से रूबरू हो रहे थे। शाही ने कहा कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों की ही स्वास्थ्य सेवा दुरूस्त नहीं है। जबकि डा इरफान के मंत्री बने दो महीने गुजर चुके हैं। कहा पांच वर्ष में पांच लाख बेरोजगारों को नौकरी देने की वादा करने वाली महागठबंधन की सरकार दूसरी बार सत्ता में आई है। पहले पांच वर्ष तो गुजर गए, लेकिन किसी को नौकरी नहीं दी। इस बार पांच वर्ष में दो महीने का कार्यकाल गुजर गया है। पिछले दिनों 32 सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति हुई, इनमें से मात्र एक ही सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति झारखंड के निवासी का हुआ है। बाकी सभी अन्य राज्यों से हैं। क्या इसी सपने के साथ झारखंड राज्य को अलग किया गया था।

अस्पताल में दवा ना मिलने की मरीजों ने शिकायत

पूर्व मंत्री ने प्रसूता वार्ड व सामान्य वार्ड का भ्रमण कर इलाजरत मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान घरेलू मारपीट में जख्मी वृद्ध महिला आधे घंटे तक स्ट्रेचर पर बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था। परिवार वालों ने बताया कि चिकित्सक ने स्वास्थ्य जांच तो कर ली, लेकिन इसे बाहर ले जाने की सलाह दी है। पूर्व मंत्री ने तत्काल चिकित्सक को उपचार शुरू करने को कहा। इसके बाद मिहिजाम क्षेत्र की एक सहिया ने बताया कि प्रसूता महिला को प्रसव के उपरांत कई प्रकार की दवा अस्पताल में उपलब्ध नहीं हो पाती है। बाजार की दुकानों से दवा खरीद पाना कई मरीजों के लिए संभव भी नहीं होता है। पूर्व मंत्री ने तत्काल सिविल सर्जन व अस्पताल उपाधीक्षक को जरूरत की दवा मरीज को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र के अस्पतालों के हालात विचारणीय

शाही ने कहा कि जामताड़ा सदर अस्पताल में लाखों रुपये के दर्जनों वेंटीलेटर शोभा की वस्तु बनी हुई है। डाक्टर व प्रशिक्षित कर्मी के अभाव में मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। इतना ही नहीं दो करोड रुपये की लागत से स्थापित आक्सीजन प्लांट आज तक चालू नहीं हो पाया है। मरीज को सिलिंडर के माध्यम से ही आक्सीजन दिया जा रहा है। मंत्री के क्षेत्र में इस प्रकार की व्यवस्था विचारणीय है। इस मौके पर सिविल सर्जन डाक्टर आनंद मोहन सोरेन, अस्पताल उपाधीक्षक डाक्टर आलोक विश्वकर्मा, डाक्टर दुर्गेश झा समेत अन्य चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद थे।

Read Also: Mission Admission : निजी स्कूलाें के आरक्षित काेटे की सीटाें पर दाखिले के लिए 5 फरवरी से भरा जाएगा ऑनलाइन फार्म

Related Articles