
Jamshedpur : पतंजलि योग परिवार, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोलमुरी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण बिरला मंदिर केबुल टाउन में भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
सामूहिक पूजन, यज्ञ-हवन और भजन-सत्संग का आयोजन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध पतंजलि आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. मनीष डूडिया रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री लक्ष्मी नारायण के सामूहिक पूजन से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन संपन्न कराया गया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भजन-सत्संग में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
योग, यज्ञ और आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी रवि नंदन कुमार ने कहा कि पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार का उद्देश्य योग, यज्ञ और आयुर्वेद को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में पतंजलि की विभिन्न शाखाओं द्वारा वर्तमान में 50 से अधिक नि:शुल्क योग कक्षाओं का नियमित संचालन किया जा रहा है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने योग, यज्ञ और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला संगठन सचिव कृष्ण कुमार, जिला महासचिव मनोज श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा, वरिष्ठ योग शिक्षक उमापति लाल दास, रामलाल भारती, इंद्रपाल वर्मा, शिवप्रसाद सिंह, नारायण चंद्र शील, उत्पल महापात्र, मुख्तार सिंह, युवा कार्यकर्ता देव शंकर, अमित महापात्र, महिला योग शिक्षिका नमिता साव सहित बड़ी संख्या में पतंजलि कार्यकर्ता एवं योग साधक उपस्थित रहे।
जिलेभर में हुए गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम
मुख्य आयोजन के अलावा पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पतंजलि की योग कक्षाओं में भी गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में पूजन, योग, यज्ञ एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


