
रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों से पात्र विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया है। सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत राज्य के किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू किया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों से परिसर में मतदाता पंजीकरण शिविर, हेल्प डेस्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय, तकनीकी शिक्षा विभाग और जिला निर्वाचन कार्यालय आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यालय ने सभी जिलों को प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध करा दी है, जिसका उपयोग शिक्षण संस्थान अपने परिसरों में आयोजित पंजीकरण शिविरों में कर सकते हैं। साथ ही नए मतदाताओं तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में उच्च शिक्षा निदेशक सुधीर बाड़ा, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, तकनीकी शिक्षा निदेशक जॉर्ज कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी (लोहरदगा) संजय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्राचार्य और निदेशक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।

