
गिरिडीह : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी की टीम लगातार शिकंजा कसती जा रही है। चतरा के पत्थलगड्डा से ब्लॉक सप्लाई अफसर तेजनारायण पंडित को पकड़ने के बाद अब जांच की आंच गिरिडीह तक पहुंच गई है। सीआईडी के इशारे पर स्थानीय पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी के भाई और भाभी को हिरासत में ले लिया है।
गिरिडीह पुलिस दोनों को थाने ले जाकर गहन पूछताछ कर रही है। सीआईडी को इस नेटवर्क और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े कुछ ठोस सुराग मिले थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस और जांच एजेंसी मुख्य रूप से अभय तिवारी के नेटवर्क, उनके संपर्कों और परीक्षा धांधली में हुए पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों से जवाब-तलब कर रही है।
बढ़ सकती हैं मुश्किलें
सीआईडी इस पूरे धांधली कांड में शामिल हर छोटे-बड़े किरदार की कुंडली खंगाल रही है। माना जा रहा है कि इस पूछताछ से कई और बड़े नाम और राज सामने आ सकते हैं।
अभय तिवारी ने स्वीकारी परीक्षा में गड़बड़ी की बात अभय ने जेएसएससी की पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेंड टीचर कॉम्पिटिव एग्जामिनेशन में गड़बड़ी की बात कबूली है। सीआईडी को बताया था कि 3120 पदों के लिए हुई कम्प्यूटर आधारित पीजीटी शिक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई थी।


