
कोडरमा: दक्षिण भारत का सफर करने वाले कोडरमा और आसपास के लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। रेलवे ने धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है,जो कोडरमा होकर गुजरेगी। अब लोगों को दक्षिण भारत जाने के लिए बीच रास्ते में बार-बार ट्रेनें बदलने का झंझट नहीं झेलना पड़ेगा।
डायरेक्ट कनेक्टिविटी, हफ्ते में एक दिन चलेगी
यह हफ्ते में एक दिन चलेगी, जिससे यात्री सीधे कोयंबटूर और उसके आसपास के इलाकों तक पहुंच सकेंगे।अभी तक सीधी ट्रेन न होने की वजह से यात्रियों को दूसरे स्टेशनों से कनेक्टिंग ट्रेनें लेनी पड़ती थीं। इससे न सिर्फ समय बर्बाद होता था, बल्कि जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ता था। अब पैसे एवं समय दोनों की बटत होगी।
इलाज कराने के लिए जानेवाले मरीज, पढ़ाई करने वाले छात्र, व्यापारी और दक्षिण भारत के राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूर-सभी को इस नई सेवा से सीधा फायदा मिलेगा।
व्यापार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार
स्थानीय लोगों और कारोबारियों में इस फैसले से काफी खुशी है। सीधी ट्रेन मिलने से सामान मंगाने में आसानी होगी, जिससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। कुल मिलाकर, इस ट्रेन के शुरू होने से कोडरमा, गिरिडीह और हजारीबाग जैसे जिलों के लोगों के लिए दक्षिण भारत की राह बेहद आसान और आरामदायक होने जा रही है।

