कोडरमा। जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में एक टैंकर चालक का शव पेड़ से झूलता पाया गया। रात में फोन पर उसकी किसी व्यक्ति से तीखी नोंक-झोंक हो रही थी। सुबह में जब कुछ लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो पेड़ से झूलती लाश पर नजार पड़ी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अनुसंधान में जुटी है। मोबाइल कॉल एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या का राज खुल सकेगा।
मृतक टैंकर चालक की पहचान गिरिडीह जिले के कोवार निवासी नितेश यादव के रूप में हुई है। पेट्रोल पंप के पीछे युवक का पेड़ से झूलता शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, नितेश अपने सहयोगी पंकज कुमार के साथ बुधवार को जसीडीह से ईंधन लेकर डोमचांच के बगड़ो स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा था। पंकज ने बताया कि रात करीब 10 बजे पेट्रोल पंप पहुंचने के बाद नितेश ने उससे टैंकर खाली करने को कहा और खुद किसी से फोन पर बात करने लगा।
जसीडीह से डोमचांच आने तक पूरे रास्ते फोन पर किसी से हो रही थी तीखी बहस
पंकज के अनुसार, नीतेश कुछ बात को लेकर परेशान था। जसीडीह से डोमचांच तक पूरे रास्ते उसकी फोन पर किसी व्यक्ति से लगातार तीखी बहस हो रही थी। जब पंकज इस बारे में जानना चाहा तो नीतेश ने टाल दिया। उसने कोई जानकारी नहीं दी।
टैंकर खाली करने के बाद पंकज वापस लौटा तो नितेश वहां नहीं था। उसने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर वह गाड़ी में जाकर आराम करने लगा।
गुरुवार सुबह पेड़ के पास स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने एवं शोर मचाने के बाद पंकज भी मौके पर पहुंचा । वहां उसने देखा कि नीतेश का शव पेड़ से झूल रहा था। सूचना पाकर डोमचांच थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के जख्म के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
Read Also: West Bengal Crime: बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या

